FATEHPUR NEWS: जनपद में बढ़ते शहरीकरण और सुनियोजित विकास की जरूरत को देखते हुए सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी ने फतेहपुर विकास प्राधिकरण के गठन की मांग उठाई है। विधायक ने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है। विधायक द्वारा 4 अगस्त 2026 को नियम – 51 के अंतर्गत भेजे गए पत्र में कहा गया है कि फतेहपुर प्रदेश का एक अति पिछड़ा तथा आकांक्षी जनपद है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की आबादी करीब 27 लाख है। इसके बावजूद अब तक फतेहपुर में विकास प्राधिकरण का गठन नहीं हो पाया है। पत्र में कहा गया है कि लगातार बढ़ते शहरीकरण के कारण शहर की आबादी का विस्तार हो रहा है। ऐसे में नई आवासीय कॉलोनियों के निर्माण, बेहतर नगर नियोजन और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए एक नियोजित व्यवस्था की आवश्यकता है। विकास प्राधिकरण के गठन से शहर का सुनियोजित विस्तार किया जा सकेगा और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की स्थापना के साथ स्थानीय लोगों को नए अवसर एवं सुविधाएं मिल सकेंगी। सदर विधायक ने सरकार से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए फतेहपुर में फतेहपुर विकास प्राधिकरण (एफडीए) का गठन किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। विधायक चंद्र प्रकाश लोधी की यह मांग ऐसे समय सामने आई है जब फतेहपुर में शहरी विस्तार और विकास कार्यों को लेकर नियोजित नगरीय विकास की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है।







