KUSHINAGAR NEWS: तहसील कप्तानगंज में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत घोघरा के ग्रामीण सार्वजनिक सड़क के सीमांकन एवं निर्माण की मांग को लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वर्षों से सड़क की पैमाइश और सीमांकन नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण दिलीप सिंह ने बताया कि यह सड़क किसानों के खेतों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से श्रद्धालु काली माता मंदिर भी दर्शन के लिए आते-जाते हैं। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती है, जिससे आवागमन मुश्किल और जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीण संतोष सिंह ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित लेखपाल को तत्काल सड़क की पैमाइश एवं सीमांकन कराने के निर्देश दिए जाएं। सीमांकन पूरा होने के बाद ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए निर्देशित किया जाए, ताकि वर्षों से लंबित समस्या का स्थायी समाधान हो सके।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं तथा श्रद्धालुओं सहित पूरे गांव के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इस दौरान सुनील सिंह, रामसेवक, मनीष, रूपनारायण सिंह, वकील सिंह, शिवकुमार सिंह, सुरेश सिंह, अर्जुन यादव, विद्या सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







