Home उत्तर प्रदेश संत वंदन अभियान के जरिए सामाजिक समरसता का संदेश

संत वंदन अभियान के जरिए सामाजिक समरसता का संदेश

23 मंडलों के मठ-मंदिरों में पहुंचकर संतों का किया पूजन और अभिनंदन
FATEHPUR NEWS: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिले में चलाए जा रहे समरसता यात्रा अभियान के तहत संत वंदन अभियान जारी है। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिले के सभी 23 मंडलों के मठ-मंदिरों में पहुंचकर संतों का पूजन, माल्यार्पण और अभिनंदन कर रहे हैं। इसी क्रम में शहर के सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर, हनुमान मंदिर, पटेल नगर हनुमान मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर संत विजयदास महाराज, पुजारी अनिल कुमार शुक्ला, संत सुरेशानंद जी महाराज समेत अन्य संतों का पूजन और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प लिया। अभियान के संयोजक राम सजीवन कोरी ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समानता, समरसता और मानव कल्याण का संदेश देता है। उनके विचार पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने बताया कि संत वंदन अभियान 24 अगस्त से शुरू हुआ है और 31 अगस्त तक जिले के सभी 23 मंडलों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संत रविदास जी की जयंती मनाने के साथ-साथ उनके विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इससे पहले जिले में कलश वंदन कार्यक्रम भी आयोजित किया जा चुका है। सह संयोजक पंकज त्रिपाठी, प्रसून तिवारी, राज बहादुर पासवान और धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को जाति-पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और समानता का रास्ता दिखाया। उनके विचारों को समाज के बीच पहुंचाने की जरूरत है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि संतों और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संत रविदास जी के आदर्शों पर आधारित कार्यक्रमों से सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संत वंदन अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के समतामूलक समाज के संदेश को गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।