JHANSI NEWS: श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की आराधना और जलाभिषेक के लिए रविवार को विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। जेल चौराहा से प्रारंभ हुई यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की। कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।शिवभक्त हाथों में कांवड़ लेकर धार्मिक जयकारे लगाते हुए मढ़िया महादेव मंदिर पहुंचे। रास्ते भर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से अभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। कांवड़ यात्रा के आयोजन में श्रीमती मनीषा-जितेंद्र नरवरिया की प्रमुख भूमिका रही। रामकिशन निरंजन, कल्लू महाराज एवं पार्थ नरवरिया सहित अन्य सहयोगियों ने यात्रा की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं और शिवभक्तों ने पूरी निष्ठा के साथ सहभागिता निभाई।श्रावण मास के धार्मिक पर्व को लेकर क्षेत्र में पहले से ही विशेष तैयारियां की गई थीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में आस्था, उमंग और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मढ़िया महादेव मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों द्वारा किए गए जलाभिषेक के साथ यात्रा का धार्मिक उल्लासपूर्ण समापन हुआ।







