MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चंद्र पाण्डेय/अभय तिवारी) विकास खंड पहाड़ी के प्राथमिक विद्यालय सिद्धी के प्रधानाध्यापक दयानंद मिश्रा को उत्कृष्ट शिक्षण एवं विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पुरस्कार मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी पहाड़ी फराह रईस सहित विकास खंड के शिक्षकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि दयानंद मिश्रा ने अपने कार्यों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति विद्यार्थियों में रुचि बढ़ाने के लिए उनके प्रयास सराहनीय रहे हैं। उनके कार्यों को राज्य स्तर पर पहचान मिलना पूरे विकास खंड पहाड़ी के लिए गौरव की बात है। खंड शिक्षा अधिकारी फराह रईस ने दयानंद मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलना उनके समर्पण, मेहनत और शिक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि अन्य शिक्षकों को भी नवाचार एवं बेहतर शिक्षण कार्य के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर विकास खंड के शिक्षकों ने दयानंद मिश्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि एक शिक्षक को राज्य स्तर पर सम्मान मिलना विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे अन्य शिक्षकों का भी उत्साह बढ़ेगा। दयानंद मिश्रा का कहना है कि उन्होंने बेहद गरीबी में अपना जीवन व्यतीत किया है। वह चुनार स्थित भरपूर मोहल्ले के निवासी हैं। वर्तमान में वह मीरजापुर के कजरहवा पोखरा में निवास करते हैं। वहीं से करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर अध्यापन कार्य के लिए आते-जाते हैं। उनके परिवार के अधिकांश सदस्य शिक्षा विभाग से जुड़े हुए हैं।







