लंबित भुगतान, स्थानांतरण व पदोन्नति के मुद्दों पर उठी आवाज
मृतक आश्रित नियुक्ति में देरी पर जताई नाराजगी
-ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
FATEHPUR NEWS: जनपद में शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ, फतेहपुर के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो शिक्षक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों के देयों का भुगतान अभी तक पूरा नहीं हो सका है, जिससे उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जीपीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी समेत अन्य भुगतान में देरी को लेकर शिक्षकों में रोष व्याप्त है। उनका आरोप है कि विभागीय प्रक्रियाएं धीमी गति से चल रही हैं, जिससे फाइलें लंबे समय से लंबित हैं। ज्ञापन में मृतक आश्रितों को नौकरी देने में हो रही देरी को भी गंभीर मुद्दा बताया गया। संघ ने कहा कि कई परिवार अपने अधिकारों के लिए भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा शिक्षकों के स्थानांतरण, वेतन विसंगतियों, सेवा अभिलेखों में त्रुटियों और पदोन्नति से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान की भी मांग की गई। पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। संघ ने विद्यालयों में संसाधनों की कमी और प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया गया तो शिक्षक सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमल सिंह चौहान, अतुल कुमार यादव, जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ला, जिला मंत्री अमित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष देवी प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।







