जनता दर्शन में एसपी ने सुनी फरियाद, थानेदारों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
KUSHINAGAR NEWS: पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को न्यायोचित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पीड़ितों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय तक न आना पड़े। स्थानीय स्तर पर ही थानेदार जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें, ताकि लोगों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जनता दर्शन के दौरान पुलिस कप्तान ने संबंधित थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को तत्काल राहत दिलाना ही पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति का मुख्य उद्देश्य है। एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस का व्यवहार आमजन के प्रति संवेदनशील होना चाहिए तथा हर फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जानी चाहिए, जिससे जनता का विश्वास पुलिस व्यवस्था पर बना रहे।







