Home उत्तर प्रदेश शाह-बड़ागांव-बहुआ मार्ग पर रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ, विधायक ने दिखाई हरी...

शाह-बड़ागांव-बहुआ मार्ग पर रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ, विधायक ने दिखाई हरी झंडी

यातायात सुविधा से क्षेत्रवासियों में दिखी खुशी की लहर
FATEHPUR NEWS: मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत फतेहपुर से शाह-बड़ागांव-बहुआ मार्ग पर नई सरकारी रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक विकास गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। रोडवेज बस स्टॉप परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी उद्देश्य के तहत दूरस्थ गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए रोडवेज बस सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाह, बड़ागांव और बहुआ क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। यह बस सेवा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम में उपस्थित सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) सत्य प्रकाश सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई बस सेवा क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक परिवहन सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि विभाग यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय महासचिव विनोद कुमार गुप्ता, युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिम्पल, व्यापार मंडल के जिला प्रभारी संजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी, जिला महामंत्री रज्जन गुप्ता, समाजसेवी राधेश्याम हयारण, राहुल गुप्ता, योगेश गुप्ता, अभिषेक, विकास शुक्ला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नई बस सेवा शुरू होने से शाह, बड़ागांव और बहुआ क्षेत्र के यात्रियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल बताया।