FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानसिक रूप से विक्षिप्त पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार थाना सुल्तानपुर घोष में दर्ज मुकदमा संख्या 102/2026 में वादिनी ने 29 जुलाई 2026 को तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर बबलू पुत्र रामऔतार, निवासी बेचू का पुरवा मजरे करमेपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त मानसिक रूप से विक्षिप्त पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया गया था। पुलिस ने वांछित अभियुक्त को 29 अगस्त की रात करीब 12:35 बजे चौकी चौराहा से हुसैनगंज जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक एरिश पटेल, हेड कांस्टेबल आनंद यादव और कांस्टेबल राजकिशोर शामिल रहे।







