एसजी गार्डन में शाम 6 से 10 बजे तक होगा आयोजन
FATEHPUR NEWS: जिला उद्योग व्यापार मण्डल (पंजी.) की एक आकस्मिक बैठक शनिवार को हरिहरगंज स्थित होटल शान्ति गंगा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रविप्रकाश दुबे ने की, जिसमें आगामी होली व ईद मिलन समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन द्वारा रविवार (कल) को शाम 6 बजे से 10 बजे तक आईटीआई रोड स्थित एसजी गार्डन में भव्य होली-ईद मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद के व्यापारी, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी व्यापारी बंधुओं, अधिकारियों एवं जिले के वरिष्ठ नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं, ताकि आयोजन को सफल बनाया जा सके। आयोजन स्थल, व्यवस्था, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष आशुतोष रस्तोगी, बस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष फरहत अली सिद्दकी सहित धीरेन्द्र सिंह, बद्री विशाल गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, मुन्ना सिंह, सरदार वरिन्दर सिंह, सरदार गुरमीत सिंह, अरविन्द गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव एवं राज कुमार मिश्रा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन आपसी सहयोग और कार्यक्रम को सफल बनाने के संकल्प के साथ किया गया।







