Home आस्था वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर विश्वविद्यालय ने किया श्रद्धापूर्वक नमन

वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर विश्वविद्यालय ने किया श्रद्धापूर्वक नमन

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने लिया राष्ट्रसेवा एवं जनजागरण का संकल्प
JHANSI NEWS: वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर गुरुवार को रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में राष्ट्रनायिका एवं स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर दीपांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई केवल झांसी की गौरवगाथा नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारत की प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण से ऐसा इतिहास रचा, जो सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और आत्मसम्मान का अनुपम उदाहरण है। कुलपति ने कहा कि वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई ने विदेशी शासन के विरुद्ध जिस वीरता और पराक्रम के साथ संघर्ष किया, वह भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने अपने प्राणों का उत्सर्ग कर स्वतंत्रता की ज्योति प्रज्ज्वलित की और देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय स्वयं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्थापित है, इसलिए विश्वविद्यालय परिवार का दायित्व और भी बढ़ जाता है कि वह उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए कृषि शिक्षा, अनुसंधान, ग्रामीण विकास तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में समर्पित भाव से योगदान दे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों ने भी रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा का संकल्प लिया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का त्याग और राष्ट्रप्रेम युवाओं के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कुलपति डॉ. सिंह ने कहा कि आज झांसी नगर सहित सम्पूर्ण देश में रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस को श्रद्धा, सम्मान और गौरव के साथ स्मरण किया जा रहा है। यह अवसर हमें उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय परिवार ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, शिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।