MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शनिवार को ग्राम अतरौली कला, विकासखंड राजगढ़, विधानसभा मड़िहान स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में ग्रामीण जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने गांव के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। जनचौपाल के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। अपने संबोधन में विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों को भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विधायक ने कहा कि मड़िहान विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि सहित सभी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में अपना सहयोग देने का आह्वान किया। गांव के लोगों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिनका उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।







