JHANSI NEWS: सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर जनपद में यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीपरी बाजार स्थित एक विद्यालय में “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक (टीआई) देवेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक सैमसन जैकब ने की, जबकि संयोजन ट्रैफिक चीफ वार्डन डॉ. प्रगति शर्मा ने किया। अपने संबोधन में टीआई देवेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से अपने परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि परिवार का मुखिया सड़क दुर्घटना का शिकार हो जाता है तो पूरे परिवार पर उसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में ट्रैफिक वार्डन दीपशिखा शर्मा, सर्वेश कुमार, विद्यालय की एमपी खान, दीपा सभरवाल, धीरज नामदेव, रानी, सतीश शर्मा शास्त्री सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ट्रैफिक चीफ वार्डन डॉ. प्रगति शर्मा ने किया, जबकि अंत में विद्यालय के प्रबंधक सैमसन जैकब ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।







