Home उत्तर प्रदेश विंध्य स्वर संध्या कार्यक्रम को लेकर नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने की बैठक

विंध्य स्वर संध्या कार्यक्रम को लेकर नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने की बैठक

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में नगर के फतहां घाट पर “विंध्य स्वर संध्या” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पंडित छन्नूलाल मिश्र काशी संगीत न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वाराणसी, कोलकाता सहित अन्य शहरों से शास्त्रीय कलाकार आएंगे। इस भव्य सांगीतिक कार्यक्रम में वे शास्त्रीय संगीत सहित अन्य विधाओं की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने और इसकी रूपरेखा तय करने के लिए नपाध्यक्ष ने पद्मभूषण स्व. छन्नूलाल मिश्र की पुत्री डॉ. नम्रता मिश्रा एवं अन्य के साथ प्रधान कार्यालय पर बैठक की। इस मौके पर उन्होंने बताया कि ‘सुबह-ए-बनारस’ की तर्ज पर इस कार्यक्रम को कराया जा रहा है। पंडित मिश्र जी की स्मृति में एक मुक्ताकाशी मंच का उद्घाटन भी किया जाएगा। वाराणसी में होने वाला कार्यक्रम आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और संगीत परंपरा को जीवित रखता है तथा लोगों को प्रकृति, गंगा और भारतीय संस्कृति से जोड़ता है। उसी तर्ज पर यह कार्यक्रम भी कराया जा रहा है, जिससे समाज के सभी वर्गों के लोग, युवा, विद्यार्थी भी मीरजापुर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जानकर उससे जुड़ सकें तथा नगर के योग्य कलाकारों को मंच प्रदान किया जा सके।कार्यक्रम की संरचना को लेकर यह बैठक की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील की है कि अपने परिवारजनों के साथ आएं और इस सांगीतिक संध्या का आनंद लें।