एनआईसी कंट्रोल रूम से होगी सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के निर्देश
BHADOHI NEWS: जनपद में 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारियों एवं प्रशिक्षण के संबंध में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी 7 परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी हेतु कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल भर्ती की लिखित मुख्य परीक्षा 21 मई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में संपन्न होगी। जनपद में कुल 3120 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में ज्ञानदेवी बालिका इंटर कॉलेज भदोही, एम.ए. समद इंटर कॉलेज भदोही, श्री इंद्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज भदोही, काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय के दो केंद्र, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज तथा जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर शामिल हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी







