Home उत्तर प्रदेश लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड के मेधावियों का सम्मान,...

लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड के मेधावियों का सम्मान, उज्ज्वल भविष्य की कामना

जेल पर्यवेक्षक बिपिन बिहारी शरण बोले— सच्ची लगन से ही निखरती है प्रतिभा
FATEHPUR NEWS:  जिले के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पनी एवं बिपिन राज कॉन्वेंट में यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जेल पर्यवेक्षक बिपिन बिहारी शरण ने मेधावी छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर उनका मुंह मीठा कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों ने संतोषजनक प्रदर्शन किया है, जो उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सच्ची लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही प्रतिभा निखरती है और विद्यार्थी अपने विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करते हैं। विद्यालय की संरक्षिका अनुराधा गुप्ता एवं उपासना शरण ने भी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले मेधावियों में प्रियंका सोनी, गुलनाज, इशिका सोनी, वैभवी मिश्रा, जोया, अल्फिया, बुसरा अजीज, इनिमा सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। विद्यालय का हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम के अंत में लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अमिताभ बिहारी शरण ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के विकास पर भी विशेष ध्यान देता है। इस अवसर पर कमलचंद वर्मा, राम किशोर गुप्ता, नमामि गंगे के संयोजक शैलेंद्र शरण ‘सिंपल’, आशीष मिश्रा, लीना श्रीवास्तव, जुबेरिया, सर्वेश श्रीवास्तव, अब्दुल कुद्दूस, अवधेश श्रीवास्तव, अंशुमान, विनीता, खुशनुमा मोहनीस, प्रतिभा, रवि कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे।