Home उत्तर प्रदेश रैदानी कॉलोनी में प्रशासन ने बिना नक्शे के बन रहे 8 मकान...

रैदानी कॉलोनी में प्रशासन ने बिना नक्शे के बन रहे 8 मकान किए सीज

MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चंद्र पाण्डेय)  नगर के रैदानी कॉलोनी में अवैध निर्माण पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बिना नक्शा स्वीकृत कराए बनाए जा रहे 8 मकानों को विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को सीज कर दिया। लाखों रुपये की लागत से चल रहे निर्माण कार्य पर हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। विकास प्राधिकरण को शिकायत मिली थी कि रैदानी कॉलोनी में कई मकानों का निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के कराया जा रहा है। शिकायत की जांच के बाद मौके पर पहुंची टीम ने निर्माण कार्यों को तत्काल रुकवाया और आठ निर्माणाधीन मकानों को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने भवनों पर सील लगाकर आगे के निर्माण पर रोक लगा दी। इन मकानों में लाखों रुपये खर्च कर निर्माण कार्य चल रहा था। एक साथ आठ मकानों पर हुई कार्रवाई से कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नगर मजिस्ट्रेट/विकास प्राधिकरण सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि अनियमित निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।