Home उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने की जनसुनवाई

राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने की जनसुनवाई

जिला अस्पताल का भी किया निरीक्षण
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, प्राथमिकता के आधार पर तथा समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही पिछली जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों, महिला सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित विभिन्न कानूनों तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने पर विशेष बल दिया। जनसुनवाई के बाद अंजू प्रजापति ने जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनआरसी सेंटर, ओपीडी, लेबर रूम, महिला वार्ड, दवा वितरण केंद्र तथा अल्ट्रासाउंड कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा चिकित्सा सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उन्हें आवश्यक उपचार एवं सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान के प्रति आशा व्यक्त की।