Home उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित हुए सहायक अध्यापक आनंद मिश्रा

राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित हुए सहायक अध्यापक आनंद मिश्रा

FATEHPUR NEWS: ऐरायां विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर में तैनात सहायक अध्यापक आनंद मिश्रा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा शिक्षण कार्य में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आनंद मिश्रा द्वारा किए गए प्रयासों को देखते हुए उनका चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए किया गया। आनंद मिश्रा के सम्मानित होने की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे फतेहपुर जनपद के लिए भी गौरव की उपलब्धि बताया। सम्मान प्राप्त करने के बाद सहायक अध्यापक आनंद मिश्रा ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व का विषय है और शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार अपने विद्यार्थियों को सफल होते देखना और उनके उज्ज्वल भविष्य में योगदान देना है। उनके सम्मानित होने पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।