JAUNPUR NEWS: राजस्थान में मासूम बच्ची की उपचार के दौरान हुई मौत पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। पूर्व सांसद ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र सुनवाई कर कठोरतम दंड दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और पूरे देश को झकझोर देने वाली है। दिवंगत बच्ची को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा केवल नारों से नहीं, बल्कि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई से सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाए। साथ ही अपराधियों की अवैध संपत्तियों तथा अन्य अवैध संसाधनों पर कानून के अनुरूप सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते जघन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कठोर कानूनों का सख्ती से पालन, त्वरित न्याय व्यवस्था और अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाना आवश्यक है। समाज और शासन, दोनों की जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि देश की बेटियां सुरक्षित वातावरण में जीवन जी सकें।







