Home उत्तर प्रदेश रसोई गैस की किल्लत पर व्यापार मंडल ने दिया ज्ञापन

रसोई गैस की किल्लत पर व्यापार मंडल ने दिया ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: जनपद में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति में हो रही देरी और डिजिटल प्रक्रिया की खामियों को लेकर उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि गैस बुकिंग के 20 से 25 दिन बाद भी उपभोक्ताओं को डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) नहीं मिल रहा है, जिससे गैस वितरण में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि इस कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने मांग की है कि बुकिंग के 48 घंटे के भीतर कोड उपलब्ध कराया जाए और 24 घंटे के अंदर गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा संयुक्त परिवारों और शादी-ब्याह जैसे आयोजनों के लिए गैस आपूर्ति की विशेष व्यवस्था करने की भी मांग की गई। संगठन ने ग्रामीण क्षेत्रों में ओवररेटिंग और अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा गैस गोदामों को आबादी से दूर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की भी बात कही। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष मनोज साहू, श्रवण दीक्षित, धनंजय मिश्रा, प्रेमदत्त उमराव, जय किशन, अनिल महाजन, सौरभ गुप्ता, इसराइल अहमद, सलामत अली सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।