‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, हेलमेट और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
FATEHPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के तहत बुधवार को खागा स्थित रमेश कल्याणकारी इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक एवं एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खागा कोतवाली के उपनिरीक्षक केके यादव रहे। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अवॉर्ड से सम्मानित त्रिवेणी संगम हाईवेज के वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। फिरोज़ खान ने छात्रों को यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि “सड़क पर अनुशासन ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।” उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं और इन पर नियंत्रण का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता तथा यातायात नियमों का पालन है। मुख्य अतिथि उपनिरीक्षक केके यादव ने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है। कार्यक्रम के समापन पर सैकड़ों विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा की शपथ लेते हुए स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।







