Home उत्तर प्रदेश रबीउल अव्वल के मौके पर मौलाना आमिर मियां का हुआ जोरदार इस्तकबाल

रबीउल अव्वल के मौके पर मौलाना आमिर मियां का हुआ जोरदार इस्तकबाल

जुलूस के दौरान विभिन्न दलों के नेताओं व गणमान्य लोगों ने किया स्वागत, मुल्क में अमन-शांति की कराई दुआ
FATEHPUR NEWS: इस्लामी कैलेंडर के मुबारक महीने रबीउल अव्वल के मौके पर खागा कस्बे में आयोजित जुलूस के दौरान धार्मिक सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। जुलूस में शामिल लोगों ने नवास-ए-हुजूर, असहाब-ए-मिल्लत मौलाना आमिर मियां सफ़वी मिस्बाही का गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें रबीउल अव्वल की मुबारकबाद दी और मुल्क व समाज में अमन, शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ कराई। रबीउल अव्वल इस्लामी इतिहास में विशेष महत्व रखने वाला महीना है। इसी माह में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद मुस्तफा की विलादत-ए-मुबारक हुई। मुस्लिम समाज इस महीने को रहमत, मोहब्बत, इंसानियत और पैगंबर-ए-करम की शिक्षाओं को याद करने के अवसर के रूप में मनाता है। इस दौरान मस्जिदों और धार्मिक स्थलों पर महफिल-ए-मिलाद, नात-ए-पाक, दरूद व सलाम तथा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। खागा में निकाले गए जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक नारों और नात-ए-पाक के माध्यम से पैगंबर-ए-इस्लाम के प्रति अपनी अकीदत का इजहार किया। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और शामिल लोगों के लिए पानी आदि की व्यवस्था भी की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस (पूर्व डीआईजी), इंजीनियर सिद्धार्थ कोरी, रत्नेश रत्ना, खागा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. अफसर अली, खागा नगर अध्यक्ष एडवोकेट शिव सिंह यादव, छात्र सभा नेता परवेज आलम, अंकित यादव, कामरान राईन, मोहसिन नफीस राईन तथा वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार नफीस अहमद उर्फ मुन्ना राईन सहित अन्य संभ्रांत लोगों ने मौलाना आमिर मियां सफ़वी मिस्बाही का स्वागत किया। स्वागत के दौरान लोगों ने रबीउल अव्वल की मुबारकबाद देते हुए मुल्क की तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की। मौलाना आमिर मियां ने भी लोगों को रबीउल अव्वल की मुबारकबाद देते हुए पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं पर अमल करने का संदेश दिया।