FATEHPUR NEWS: मोहर्रम के मद्देनजर फतेहपुर ताजिया व अलम इंतेजामिया कमेटी की एक आवश्यक बैठक बाकरगंज स्थित पुरानी बकरी बाजार में आयोजित की गई। बैठक में शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से ताजियादारों ने हिस्सा लिया और मोहर्रम के दौरान आने वाली समस्याओं एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता कमेटी अध्यक्ष चौधरी मोईन राईन ने की, जबकि संचालन महामंत्री वारिस उद्दीन ने किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए ताजियादारों ने अपने-अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं। बैठक को संबोधित करते हुए चौधरी मोईन राईन ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम से पूर्व जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर ताजिया, अलम एवं पलंग के मार्गों में आने वाली समस्याओं के समाधान की मांग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि ताजिया मार्गों पर साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया गया है। महामंत्री वारिस उद्दीन ने कहा कि ताजिया जुलूस के मार्गों में आने वाले ढीले विद्युत तारों को ऊंचा कराने की मांग भी की गई है। उन्होंने कहा कि बैठक में ताजियादारों द्वारा बताई गई अन्य समस्याओं का भी कमेटी स्तर पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शहर काजी अब्दुल्लाह शहीदुल इस्लाम ने कहा कि कमेटी पूरी तरह ताजियादारों के साथ है और उनकी ओर से उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में शहर के कई गणमान्य नागरिक, कमेटी पदाधिकारी एवं ताजियादार मौजूद रहे। सभी ने मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।







