ETAWA NEWS: उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती-2026 में जनपद इटावा में तैनात 17 आरक्षी एवं 4 महिला आरक्षियों का चयन उपनिरीक्षक पद पर हुआ है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह में सभी चयनित पुलिसकर्मियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।एसएसपी ने कहा कि वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व, अनुशासन, संवेदनशीलता और निष्पक्ष सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आरक्षी से उपनिरीक्षक बनने का यह सफर कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल चयनित पुलिसकर्मियों बल्कि पूरे इटावा पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।उन्होंने कहा कि उपनिरीक्षक के रूप में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की गुणवत्ता, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा जनता का विश्वास बनाए रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।चयनित पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता और जनसेवा की भावना के साथ करने का संकल्प लिया। उपनिरीक्षक पद पर चयनित पुलिसकर्मी दुर्गेश कुमार, अनमोल जायसवाल, विशेष कुमार, आकाश कुमार, आकाश कुमार,भारत सिंह, पंकज कुमार, धर्मेश गिरि, सचिन, नीतेश कुमार, सौरभ सिंह, हिमांशू, विशाल परमार, विकास, प्रशांत गिरि, गोविन्द मिश्रा, अक्षय कुमार तथा महिला आरक्षी गीता, साक्षी, नेहा श्यौरान और डिम्पल पाठक को पुलिस परिवार ने सभी चयनित 17 आरक्षियों एवं 4 महिला आरक्षियों को उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) पद पर चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।









