स्व. जगन्नाथ पटेल पब्लिक इंटर कॉलेज की पहल, टॉपर छात्रों पर हुई पुष्पवर्षा
FATEHPUR NEWS: जनपद के बहुआ ब्लॉक अंतर्गत दसवामील, समदाबाद स्थित स्व. जगन्नाथ पटेल पब्लिक इंटर कॉलेज द्वारा यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य ‘प्रेरणा रैली’ निकाली गई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने मेधावियों का जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया। फूलों से सजे विशेष रथों और गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में विद्यालय के सात प्रमुख टॉपर शिवानी (94%), कृति गुप्ता (94%), शुभी द्विवेदी (93%), खुशी देवी (92.8%), मुस्कान (92.6%), श्रद्धा पटेल (92.6%) और सिद्धार्थ (87%) को विशेष रूप से सुसज्जित वाहनों पर बैठाकर क्षेत्र भ्रमण कराया गया। रैली समदाबाद से शुरू होकर काजीपुर, अयाह, चकसकरन, सुजानपुर, कमलापुर मोड़ और बहुआ सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। रैली के दौरान जगह-जगह अभिभावकों और ग्रामीणों ने मेधावी छात्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। विशेष रूप से सुजानपुर गांव में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने अभिभावकों के साथ मिलकर बच्चों का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने मेधावियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान लोकनृत्य और गाजे-बाजे की धुनों पर ग्रामीणों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया और अन्य छात्रों को भी प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार, अध्यक्ष पंकज सिंह, प्रबंधक अनीता देवी तथा ऑब्जर्वर मोहित कुमार वर्मा सहित समस्त स्टाफ ने इस भव्य आयोजन के लिए हेमलता पटेल एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि इन होनहार विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत से न केवल विद्यालय, बल्कि अपने परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राजीव कुमार, नरेश कुमार, योगेंद्र प्रताप सिंह, शिव आशीष कुमार, मुकेश कुमार, शिप्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







