Home उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए तेजी से ऋण...

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए तेजी से ऋण वितरण के निर्देश

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, ऋण स्वीकृति, वितरण और लंबित आवेदनों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना युवाओं को रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। उन्होंने सभी विभागों और बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र युवाओं को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिले। प्रत्येक आवेदन का पारदर्शी परीक्षण हो और अनावश्यक रूप से कोई आवेदन लंबित न रखा जाए। लक्ष्य के अनुरूप ऋण स्वीकृति व वितरण में तेजी लाई जाए। बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि बैंकों में 662 आवेदन पेंडिंग हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निस्तारण योग्य आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करें तथा कमियों वाले आवेदनों की सूची एक सप्ताह में उपलब्ध कराएं। उद्योग विभाग को निर्देश दिया गया कि बैंकों द्वारा अस्वीकृत आवेदनों की कमियां दूर कर पुनः बैंकों को भेजें। लीड बैंक प्रबंधक से बैंकवार-क्लस्टरवार सूची बनाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आवेदकों को बार-बार चक्कर न लगवाने पड़ें। कमी होने पर तत्काल सूचित कर सुधार कराया जाए। व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा योजना का लाभ उठा सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग रेशमा आरा, प्रबंधक लीड बैंक आनंद कुमार झा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार योजनाएं जनपद के आर्थिक विकास और उद्यमिता को नई गति देंगी।