Home उत्तर प्रदेश मुंहचुरवा घाट से लापता ई-रिक्शा चालक की लाश नदी से बरामद, क्षेत्र...

मुंहचुरवा घाट से लापता ई-रिक्शा चालक की लाश नदी से बरामद, क्षेत्र में सनसनी; सोनवरसा घाट के पास मिला शव

SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ी राप्ती नदी (मुंहचुरवा घाट) के निकट संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए ई-रिक्शा चालक हरिश्चंद्र (पुत्र रामगुलाम) की लाश मंगलवार को बूढ़ी राप्ती नदी से बरामद कर ली गई है। शव मिलने की सूचना से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक इटवा थाना क्षेत्र के कपिया गांव का निवासी था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर विधिक कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिश्चंद्र रात लगभग 11:30 बजे परिजनों से स्टेशन जाने की बात कहकर ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। उधर, गश्त के दौरान पुलिस को मुंहचुरवा घाट के पास बूढ़ी राप्ती नदी के ढलान पर लावारिस अवस्था में ई-रिक्शा और चालक का मोबाइल फोन मिला। घटनास्थल पर रक्त के निशान दिखने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की, जिस पर पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी एवं ढेबरुआ प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक व फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। वहीं नदी में लापता चालक की तलाश के लिए एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों तथा पांच थानों की संयुक्त पुलिस टीम को सघन कांबिंग ऑपरेशन में उतारा गया। चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के बाद घटनास्थल से तकरीबन 8 किलोमीटर दूर मिश्रोलिया थाना क्षेत्र के सोनवरसा घाट के पास बूढ़ी राप्ती नदी से हरिश्चंद्र का शव बरामद हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के उपरांत ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अग्रिम वैधानिक जांच में जुटी है।