FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद फतेहपुर के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीम द्वारा ‘मिशन शक्ति 5.0’ (फेज-2) के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित अभियान के तहत जनपद के सभी थानों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के संबंध में जानकारी दी गई। बुधवार को अभियान के अंतर्गत सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध से संबंधित पोर्टल की जानकारी देकर लोगों को इन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।







