Home उत्तर प्रदेश मार्तंड प्रकाश सिंह ने संभाली बलरामपुर की पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था मजबूत करने...

मार्तंड प्रकाश सिंह ने संभाली बलरामपुर की पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जिले की कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में नवागत पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। कार्यालय पहुंचने पर पुलिस गार्द ने उन्हें सलामी दी। कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक ने जनपद की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ आवश्यक चर्चा करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने पर जोर दिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी से की शिष्टाचार भेंट कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन से शिष्टाचार भेंट की। दोनों अधिकारियों के बीच जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। नवागत पुलिस अधीक्षक ने प्रभावी पुलिसिंग के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। जिलाधिकारी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।