FATEHPUR NEWS: मानव क्रांति पार्टी का अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी में विलय हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी आरएन मानव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लोकतंत्र को मजबूत करने, समता, समानता और न्याय के लिए किए जा रहे संघर्ष तथा दबे-कुचले और अनुसूचित जाति के लोगों को सम्मान और अधिकार दिलाने की विचारधारा से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया। चौधरी आरएन मानव ने कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के माध्यम से नई दिल्ली स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ मानव क्रांति पार्टी के करीब 20 हजार सदस्यों के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया है। चौधरी आरएन मानव ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जारी संघर्ष को देखते हुए मानव क्रांति पार्टी ने कांग्रेस में विलय का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि मानव क्रांति पार्टी के सभी सदस्यों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के लिए सितंबर माह में बांदा जिले की नरैनी विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं को औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता दिलाई जाएगी। विलय के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के विस्तार और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती देने वाला कदम बताया।







