Home उत्तर प्रदेश मानदेय और लंबित भुगतान को लेकर पैरावेटों ने किया एफएमडी टीकाकरण अभियान...

मानदेय और लंबित भुगतान को लेकर पैरावेटों ने किया एफएमडी टीकाकरण अभियान का बहिष्कार

नियमित मानदेय, पशुगणना एवं एफएमडी अभियान का भुगतान न मिलने से नाराज संगठन ने सौंपा ज्ञापन
FATEHPUR NEWS: नियमित मानदेय और लंबे समय से लंबित भुगतान की मांग को लेकर ऑल पैरावेट/पशु मैत्री सेवा समिति संघ, जिला इकाई फतेहपुर ने एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण अभियान के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों ने पशु चिकित्साधिकारी, प्रेमनगर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की। संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि पशुपालन विभाग द्वारा 22 जुलाई 2026 से जनपद में एफएमडी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसके तहत पैरावेट एवं पशु मित्रों को फील्ड में जाकर पशुओं का टीकाकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन लंबे समय से मानदेय और विभिन्न मदों का भुगतान लंबित होने के कारण संगठन ने अभियान में सहयोग न करने का निर्णय लिया है। ऑल पैरावेट/पशु मैत्री सेवा समिति संघ के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने बताया कि पिछले एक वर्ष से पशुगणना कार्य का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के छह माह का भुगतान भी अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि नियमित मासिक मानदेय निर्धारित किए जाने संबंधी फाइल भी पिछले एक वर्ष से पशुपालन मंत्री एवं वित्त विभाग के बीच लंबित पड़ी है, जिससे पैरावेट एवं पशु मित्रों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पैरावेट और पशु मित्र लगातार विभागीय योजनाओं और अभियानों में पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समय पर भुगतान न होने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में मजबूर होकर संगठन को विभागीय कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा है। ज्ञान सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक नियमित मानदेय लागू नहीं किया जाता, लंबित भुगतान जारी नहीं किया जाता और अन्य मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक संगठन एफएमडी टीकाकरण अभियान में भाग नहीं लेगा तथा विभागीय कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा। संगठन के इस निर्णय से जनपद में चल रहे खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान की गति प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। संगठन ने विभाग से मांग की है कि पशु मित्रों एवं पैरावेटों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें उनका लंबित भुगतान उपलब्ध कराया जाए, ताकि पशुपालन विभाग की योजनाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। इस दौरान अरविंद कुमार दुबे, दिनेश कुमार, आदर्श चौधरी सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।