Home उत्तर प्रदेश मातृभाषा में अभिव्यक्ति से खिले बच्चे, ग्रीष्मकालीन भारतीय भाषा शिविर में सीखे...

मातृभाषा में अभिव्यक्ति से खिले बच्चे, ग्रीष्मकालीन भारतीय भाषा शिविर में सीखे बहुभाषी संवाद

KAUSHAMBI NEWS:  बच्चों में मातृभाषा के प्रति आत्मीयता, अभिव्यक्ति क्षमता और बहुभाषीय समझ विकसित करने के उद्देश्य से उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई में ग्रीष्मकालीन भारतीय भाषा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बच्चों को अपनी मातृभाषा में खुलकर बोलने और विचार व्यक्त करने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रभारी प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का संचालन शिक्षिका प्रतिमा कुमारी और अर्चना सिंह द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक कविता वाचन किया तथा विभिन्न भारतीय भाषाओं के मिले-जुले शब्दों और वाक्यों से परिचित होते हुए रोचक कहानियां सुनीं। इससे बच्चों में नई भाषाओं के प्रति जिज्ञासा और रुचि देखने को मिली।
राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक समन्वय और भाषाई सम्मान की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि मातृभाषा में अभिव्यक्ति बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाती है और अन्य भारतीय भाषाओं को समझने में भी सहायक बनती है। शिविर में चक्रपाणि मिश्र, सपना श्रीवास्तव, मिल्ला देवी, आरती देवी सहित विद्यालय परिवार के लोग मौजूद रहे। बच्चों ने अपनी भाषा में संवाद कर खुशी जताई और विभिन्न भाषाओं के नए शब्द सीखने में उत्साह दिखाया।