JHARIYA NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) राष्ट्रीय भूईयां विकास समिति, काशीटांड भागाबांध, बोर्रागड झरिया केन्द्रीय कार्यालय में महान समाज सेवी, जुझारू इंसान और देश का गौरव माउंटेन मैन बाबा दशरथ मांझी जी का पुण्य तिथि को महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष गणेश भूईयां के नेतृत्व में धूमधाम से मनाया गया। विशेष अतिथि के रूप में “बहुजन आर्मी सह बहुजन मीडिया हाउस” झारखण्ड प्रभारी रामा शीष चौहान अपने प्रतिनिधियों के साथ उपस्थित हुए। बाबा को श्रद्धांजलि देते हुए श्री चौहान ने कहा कि बिहार के गया जिले के गेहलौर गांव में एक साधारण मजदूर परिवार में जन्मे बाबा दशरथ मांझी ने एक हथौड़ा और छेनी से अकेले 22 वर्षों में पहाड़ को काटकर रास्ता बना दिया। वर्षों की मेहनत से उन्होंने असंभव को संभव करके दिखाया और पूरी दुनिया के सामने मानव संकल्प की मिसाल कायम की। लेकिन आज तक उनके महापरिनिर्वाण के 19 उन्नीस वर्ष बाद भी देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” उन्हें नहीं मिला। हम बहुजन समाज की ओर से भारत सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द बाबा दशरथ मांझी जी के जनहित में किए गए कार्यों को देखते हुए “भारत रत्न” देकर बहुजनों का गौरव बढ़ाया जाए। अन्यथा हमारे दिलों में सवाल खड़ा होता है – क्या सम्मान और पहचान का पैमाना व्यक्ति का संघर्ष और राष्ट्र-समाज के लिए उसका योगदान होना चाहिए या उसकी जाति और सामाजिक पृष्ठभूमि? बाबा दशरथ मांझी मुसहर समाज से आते हैं। इसलिए उनके सम्मान को लेकर उठ रहे सामाजिक सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि समाज के वंचित और हाशिए पर रहे समुदायों के महान नायकों को सम्मान नहीं मिलता, तो हमें इस व्यवस्था पर सवाल जरूर उठेगा। हम मांग करते हैं कि बाबा दशरथ मांझी के असाधारण योगदान का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए उन्हें “भारत रत्न” से सम्मानित करने पर भारत सरकार गंभीरता से विचार करे। उनका जीवन हमें सिखाता है – हौसला हो तो इंसान पहाड़ भी काट सकता है। महान माउंटेन मैन बाबा दशरथ मांझी जी के महापरिनिर्वाण पर शत-शत नमन। उनके आदर्श पर चलकर ही हम अपने देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में मिथलेश भूईयां, रविंद्र प्रसाद, राज कुमार दास, कमल भूईयां, कामेश्वर भूईयां, सुरेंद्र भूईयां, अर्जुन भूईयां, राम लखन राम, इंद्रदेव भूईयां, राम जी भूईयां, राजेश कुमार, शनिचर भूईयां, आजाद कुमार, लखन भूईयां, रितेश कुमार, सतीश कुमार, बाल्मीकी पासवान, अमल दास, माथुर महतो, उत्तम बाउरी, काजल बाउरी व अन्य लोग उपस्थित रहें।







