Home उत्तर प्रदेश महिला उत्पीड़न के मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करें : डॉ. बबीता...

महिला उत्पीड़न के मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करें : डॉ. बबीता सिंह चौहान

JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर महिला मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में आयोजित गोद भराई, अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर 12 नवजात बालिकाओं की माताओं को बधाई पत्र, बेबी किट एवं मिष्ठान वितरित किए। इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई में 20 शिकायतों की सुनवाई करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। समीक्षा बैठक में डॉ. चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए तथा मिशन शक्ति, एंटी रोमियो अभियान और महिला हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने सभी विभागों में विशाखा समिति के प्रभावी संचालन और औद्योगिक संस्थानों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन व शिकायत पेटिका स्थापित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य अनुपमा सिंह लोधी सहित स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।