JAUNPUR NEWS: (अली मेहदी) उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विकास भवन परिसर में “उन्नति ग्रीन कैफे” का शुभारम्भ किया गया। कैफे का उद्घाटन प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन तथा अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया।
इस अवसर पर मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा महिलाओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों के साथ प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। मंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयास प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कैफे की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभवों को जाना।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल को महिलाओं के आर्थिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, एनआरएलएम से जुड़े अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उन्नति ग्रीन कैफे के संचालन से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती खाद्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने का कार्य करेगी।







