बिना संकेतक मुड़ने पर हुआ हादसा, बाइक 100 मीटर तक MIRZAPUR NEWS: मड़िहान थाना क्षेत्र अंतर्गत तीसुही स्थित कॉलेज के सामने सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक मोपेड और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मोपेड सवारों को हल्की चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोपेड सवार बिना संकेतक दिए तीसुही स्थित कॉलेज की ओर मुड़ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक मोपेड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। समाजसेवी नितेश कुमार पांडे ने गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवारों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक होमगार्ड की परीक्षा देने के लिए रॉबर्ट्सगंज जा रहे थे। दोनों मिर्जापुर के पिपरादाड़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।







