FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में रात्रि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत मंडवा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में ऐरायां ब्लॉक प्रमुख कुंवर अनुज प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी बिपिन कुमार तिवारी द्वारा किया गया। वहीं कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अर्पण अग्रवाल, एडीओ आईएसबी उदयभान सिंह, कृषि विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सियापति देवी एवं प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव यादव जी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, आशा बहुएं, ग्राम पंचायत सदस्य, एनआरएलएम से जुड़े प्रतिनिधि उमेश गुप्ता तथा सैकड़ों ग्रामीणों ने सहभागिता की। चौपाल के दौरान मुख्य अतिथि कुंवर अनुज प्रताप सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं ग्राम प्रधान सियापति देवी ने पंचायत के विकास कार्यों में जनसहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। ग्राम पंचायत अधिकारी विपिन कुमार तिवारी ने पंचायत की पिछली बैठकों एवं कार्यवाहियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बीते पांच वर्षों में कराए गए विकास कार्यों, प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए पात्र लाभार्थियों की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष रखी। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने नाली, खड़ंजा एवं अन्य विकास कार्यों की मांग उठाई। इस पर ग्राम पंचायत अधिकारी ने आश्वासन दिया कि नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।







