Home उत्तर प्रदेश भिटौरा का केला और अमौली की हरी मिर्च बनेगी निर्यात क्लस्टर

भिटौरा का केला और अमौली की हरी मिर्च बनेगी निर्यात क्लस्टर

फतेहपुर के पेड़े को जल्द मिलेगा जीआई टैग
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला क्लस्टर सुविधा इकाई एवं भौगोलिक उपदर्शन (जीआई) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और जीआई पंजीकरण की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में सदस्य सचिव विनोद कुमार ने विभागीय कार्यों, कृषि निर्यात नीति और जीआई पंजीकरण की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय कृषि निर्यात समिति ने भिटौरा विकासखंड के केले और अमौली विकासखंड की हरी मिर्च को निर्यात क्लस्टर के रूप में मंजूरी दे दी है। इन उत्पादों के निर्यात के लिए प्रदेश और जनपद के निर्यातकों के साथ एमओयू कराकर निर्यात प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एमओयू की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि फतेहपुर के प्रसिद्ध पेड़े का जीआई पंजीकरण अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे पंजीकरण मिल जाएगा। इसके अलावा रामराज चावल और जहानाबाद की सूतफेनी के जीआई पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कराई जा रही है। बैठक के दौरान एगमार्क गुणवत्ता प्रमाणीकरण के अंतर्गत सीकेएस मसाले को पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने प्रमाणपत्र वितरित करते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं को गुणवत्ता युक्त और शुद्ध मसाले उपलब्ध हो सकेंगे। बैठक में मंडी सचिव, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, डीडीएम नाबार्ड, कृषि विपणन निरीक्षक तथा प्रगतिशील किसान, प्रसंस्करणकर्ता और अन्य हितधारक उपस्थित रहे।