एक मंडप मे 11 जोड़ों ने लिया सात फेरे, खुशियों और आंसुओं के बीच गूंजी शहनाई
KUSHINAGAR NEWS: पडरौना नगर के जटहाँ रोड स्थित बुढ़िया माई मैरेज लॉन में रविवार को उस समय भावुक और सुखद माहौल बन गया, जब एक साथ 11 बेटियों की डोली सजी और वे सात फेरों के साथ अपने नए जीवन की दहलीज पर कदम रखती नजर आईं। पूर्वाचल मानव सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह ने न केवल 11 जोड़ों को जीवन भर का साथी दिया, बल्कि समाज को सादगी, सहयोग और मानवीय संवेदना का मजबूत संदेश भी दिया। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलगीतों के बीच दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए। समारोह में उपस्थित माता-पिता और परिजनों की आंखों में जहां अपनी बेटियों के विदा होने का भावुक पल था, वहीं इस बात की खुशी भी झलक रही थी कि उनकी बेटियां सम्मानपूर्वक अपने नए घर जा रही हैं। सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से भरा इस कार्यक्रम के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी भी पहुंचे और नवदम्पतियों को आशीर्वाद दिया।पूरे आयोजन में सादगी और सामाजिक समरसता का ऐसा दृश्य दिखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल छू लिया।
संस्था छह वर्षो से कर रही है यह पुनीत कार्य
पूर्वांचल मानव सेवा संस्थान पिछले छह वर्षों से लगातार इस सामाजिक मुहिम को आगे बढ़ा रही है। जनसहयोग से संचालित इस अभियान के तहत अब तक 31 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। दहेज-मुक्त और नशा-मुक्त संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण बनता जा रहा है।कार्यक्रम के अध्यक्ष दीप नारायण अग्रवाल तथा प्रबंधक पप्पू पाण्डेय ने सभी नवदम्पतियों को गृहस्थी से जुड़ा आवश्यक सामान भेंट कर उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। वहीं पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन विक्रम अग्रवाल ने किया, इन्होनें ने बताया कि महान समाज सुधारक राजा राम मोहन राय के आदर्शों से प्रेरित होकर इस वर्ष समारोह में विधवा-विधुर पुनर्विवाह को भी प्रोत्साहित करने की पहल की गई है, ताकि समाज में नई शुरुआत करने वालों को सम्मान और सहयोग मिल सके।
इन जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ
पूर्वांचल मानव सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में अमिता पुत्री किशोर कुशवाहा का विवाह मुन्ना कुशवाहा पुत्र प्रहलाद कुशवाहा से, फूलन पुत्री सुभाष का विवाह शम्भू चौहान पुत्र लालजी से, रानी पुत्री वृजलाल की शादी पिन्टू पुत्र हरिन्द्र राजभर से तथा संकेशिया पुत्री सुदामा की शादी अजय कुमार पुत्र हरिलाल राम से संपन्न हुई। इसी क्रम में लक्ष्मी साहनी पुत्री हीरा की शादी गुलशन पुत्र देवपाल से, ममता कुमारी पुत्री कन्हैया केशरी की शादी सुधीर कुमार पुत्र विनोद से, गूंजा पुत्री सुखल चौहान की शादी मनोहर चौहान पुत्र रामा से तथा लाजो कुमारी कुशवाहा पुत्री ललन कुशवाहा की शादी हरकेश कुमार पुत्र नगेसर से हुई। इसके अलावा नागवंती पुत्री दुर्गावती की शादी अनुरुद्ध कुमार पुत्र डेवा से, नेहा पुत्री विनोद हरिजन की शादी छोटेलाल राम पुत्र सुरेश राम से तथा नेहा सोनी पुत्री कृष्णा वर्मा की शादी पवन स्वर्णकार पुत्र चंदेश्वर प्रसाद से संपन्न हुई।







