FATEHPUR NEWS: लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। गांवों के अंदर पानी भरने और घरों तक पानी पहुंचने की सूचना पर एसडीएम खागा अश्वनी पांडेय ने बुधवार को प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने रारी, गढ़ा, चंदापुर, सिलमी गढ़वा और खैरई गांव पहुंचकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। जिन स्थानों पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं थी, वहां जेसीबी से गड्ढे खुदवाकर पानी निकलवाने की व्यवस्था कराई गई। खैरई गांव में जलभराव की समस्या को देखते हुए विशेष रूप से पानी निकासी की व्यवस्था कराई गई। इस दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जलभराव की स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी विजयीपुर जय प्रकाश, पीएचसी अधीक्षक बृजेश पांडेय, नायब तहसीलदार नितिन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







