23 मंडलों में दो दिन तक निकाली गईं तिरंगा यात्राएं, आज जिला मुख्यालय पर पटेल नगर से ज्वालागंज तक निकलेगी विशाल यात्रा
FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिले के सभी मंडलों में आयोजित तिरंगा यात्राएं बुधवार को पूरी हो गईं। 11 और 12 अगस्त को आयोजित इन यात्राओं में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। तिरंगा यात्राओं के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। बुधवार को हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्र के अल्लीपुर मंडल में पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में नौबस्ता से चौकी चौराहा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया। वहीं खागा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान शामिल हुईं। यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, व्यापार मंडल के नेता शिवचंद्र शुक्ल, जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम, जिला मंत्री धर्मेंद्र सिंह और विमलेश पांडेय सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। नगर दक्षिणी मंडल की तिरंगा यात्रा पुराने शिव मंदिर राधानगर से अटल चौराहे तक निकाली गई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह बढ़ाया। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और व्यापारी शामिल हुए। असोथर मंडल में तिरंगा यात्रा प्राचीन श्री अश्वत्थामा मंदिर परिसर से थरियांव तिराहे तक निकाली गई। इसमें जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी कुलदीप भदौरिया, जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। बिंदकी नगर में पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा सहित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया। वहीं गाजीपुर मंडल में जिला उपाध्यक्ष उदय लोधी के नेतृत्व में यात्रा निकाली गई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को जिले के सभी 23 मंडलों में तिरंगा यात्राएं सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। इनमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी सहभागिता की। उन्होंने बताया कि गुरुवार को जिला मुख्यालय फतेहपुर में पार्टी के निर्देश पर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सुबह 11 बजे पटेल नगर चौराहे से शुरू होकर ठाकुर दरियाव सिंह स्मारक, ज्वालागंज में समाप्त होगी। यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में जिले के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।







