श्रद्धालुओं के लिए जल व आइसक्रीम की व्यवस्था, पूरे मार्ग पर दिखा उत्साह
JHANSI NEWS: भगवान परशुराम सेवा संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान परशुराम शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया। शोभायात्रा लक्ष्मी व्यायाम मंदिर से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—कोतवाली, गांधीगर का टपरा, विसाती बाजार, बड़ा बाजार, गांधी रोड, रानीमहल और सिंधी चौराहा होते हुए पुनः लक्ष्मी व्यायाम मंदिर पर आकर सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति भाव देखने लायक रहा। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। इसी क्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं राष्ट्रीय परशुराम परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप पांडेय ने भी परंपरा के अनुसार शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया और आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शीतल जल और ठंडक देने वाली आइसक्रीम का वितरण भी किया गया, जिससे गर्मी में लोगों को काफी राहत मिली। श्रद्धालुओं ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए समाजसेवी दिलीप पांडेय का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि दिलीप पांडेय पूर्व में भी इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं और समाजिक व धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







