FATEHPUR NEWS: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बाजार स्थित बृजवासी स्वीट हाउस का पुनः निरीक्षण किया। पूर्व में प्रतिष्ठान से लिए गए खोया के नमूने की जांच रिपोर्ट में निर्धारित मानकों से भिन्न पाए जाने पर उसे असुरक्षित घोषित किया गया है। जांच में खोया में खाद्य तेल की मिलावट की संभावना जताई गई है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी फतेहपुर के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा विभाग के निर्देश पर बृजवासी स्वीट हाउस के संचालक ओम प्रकाश को लिखित नोटिस जारी कर खोया के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगा दी गई। निरीक्षण के दौरान मौके पर खोया नहीं मिला, लेकिन खोया से निर्मित करीब पांच किलोग्राम संदिग्ध मिठाइयों को नष्ट कराया गया। वहीं पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसका सर्विलांस नमूना भी लिया गया, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि बृजवासी स्वीट हाउस, अल्लीपुर से खोया और खोया से निर्मित मिठाइयों की खरीद न करें। इसी क्रम में सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से राजकीय बालिका विद्यालय, फतेहपुर में छात्राओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं को विभिन्न खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने के तरीके बताए गए तथा सचल प्रयोगशाला में फूड टेस्टिंग के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। वहीं वर्मा चौराहा के आसपास के दुकानदारों ने सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से अपने 22 खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच कराई। जांच के दौरान छेना, चीज और मैंगो रोल में स्टार्च की मिलावट पाई गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार तथा अनुराधा कुशवाह मौजूद रहीं।







