MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शनिवार को मंडल मड़िहान विकासखंड पटेहरा कलां, विधानसभा मड़िहान क्षेत्र के ग्राम सिरसी,बषाढ़ी,हिनौती राजा आदि गांवों का पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि विगत दिनों हुई भारी बारिश के कारण गांव में कई कच्चे एवं अन्य मकान गिर गए हैं, जिससे प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक जी ने तत्काल उपजिलाधिकारी मड़िहान से दूरभाष पर वार्ता कर निर्देश दिया कि बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों एवं प्रभावित परिवारों का सर्वे कर सभी पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर प्रेषित की जाए, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित किया जा सके। विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि बारिश के कारण यदि किसी अन्य परिवार के मकान अथवा संपत्ति को भी क्षति हुई है तो उसकी सूचना तत्काल उन्हें या संबंधित अधिकारियों को दें,जिससे समय रहते प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। विधायक की तत्परता एवं संवेदनशील पहल के लिए ग्रामीणों ने उनका आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।







