Home उत्तर प्रदेश बारिश में धंसी दुर्गा भाभी सेतु की जोड़ने वाली सड़क, 15 फीट...

बारिश में धंसी दुर्गा भाभी सेतु की जोड़ने वाली सड़क, 15 फीट गहरा गड्ढा बना हादसे का खतरा

KAUSHAMBI NEWS: लगातार हो रही बारिश से जनपद में जहां कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है, वहीं अब प्रमुख मार्गों और पुलों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराने लगा है। शहजादपुर की ओर से प्रतापगढ़ जोड़ने वाले क्रांतिकारी दुर्गा भाभी सेतु के पास सड़क का एक हिस्सा मिट्टी के कटान के चलते धंस गया। सड़क और पुल के मिलान वाले स्थान पर करीब 15 फीट गहरा गड्ढा हो गया है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों में हादसे की आशंका बनी हुई है। बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी पानी के तेज बहाव से कटती चली गई। इसके चलते शहजादपुर की तरफ से पुल के पास सड़क का किनारा अचानक धंस गया। सड़क के नीचे मिट्टी खिसकने से बना गहरा गड्ढा लगातार बढ़ने की आशंका है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो सड़क का बड़ा हिस्सा भी इसकी चपेट में आ सकता है।
कौशांबी-प्रतापगढ़ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग क्रांतिकारी दुर्गा भाभी सेतु कौशांबी और प्रतापगढ़ जनपदों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क और पुल के बीच बने गहरे गड्ढे से किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। रात के समय खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत नहीं होने पर वाहन चालक धंसे हिस्से को समय रहते नहीं देख पाते। रंजीत कुमार, शिवम पांडेय, जितेंद्र पाल, रामजी स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क के नीचे की मिट्टी का लगातार कटाव होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि बारिश जारी रही तो कटान और बढ़ सकता है और सड़क का और हिस्सा धंस सकता है। इससे आवागमन बाधित होने के साथ ही बड़ी दुर्घटना की स्थिति पैदा हो सकती है।
पहले बैरिकेडिंग, फिर हो स्थायी मरम्मत
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सबसे पहले गहरे गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराकर चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि वाहन चालक और राहगीर सुरक्षित निकल सकें। इसके बाद सड़क और पुल के जोड़ वाले हिस्से की तकनीकी जांच कराकर कटान को रोकने के लिए मजबूत तरीके से स्थायी मरम्मत कराई जाए।
लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि कौशांबी-प्रतापगढ़ मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।