KAUSHAMBI NEWS: जनपद में लगातार हो रही बारिश गरीब और मजदूर परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है। सिराथू तहसील के गुलामीपुर हटवारा गांव में बारिश के कारण नारायण प्रजापति का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है। बताया जाता है कि नारायण प्रजापति मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह पक्का मकान नहीं बनवा सके। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान की दीवारें कमजोर होती चली गईं और आखिरकार मकान धराशायी हो गया। मकान गिरने से परिवार के सिर से छत का सहारा छिन गया। हालांकि घटना के दौरान परिवार के सदस्य मकान के अंदर नहीं थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने बारिश से बचने और जरूरी सामान को सुरक्षित रखने का संकट पैदा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में कच्चे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों पर सबसे अधिक खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि नारायण प्रजापति के परिवार को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पात्रता के आधार पर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाकर पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए, जिससे परिवार को भविष्य में ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।







