FATEHPUR NEWS: नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति अभियान के तहत विकासखंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर में भव्य बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सुजानपुर की ग्राम प्रधान, प्रधान संघ अध्यक्ष (ब्लॉक बहुआ) एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने किया। सम्मेलन में पुलिस प्रशासन की टीम ने ग्रामीण महिलाओं, बहुओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आपात स्थिति में मदद लेने के लिए 112 पुलिस सहायता, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या अन्याय को सहन करने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से सहायता ली जा सकती है। अधिकारियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दूसरे चरण में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की ओर से महिलाओं को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और साहसी बनने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाली गृहणी नहीं, बल्कि समाज की मजबूत आधारशिला है। महिलाओं की शिक्षा, जागरूकता और आर्थिक आत्मनिर्भरता के बिना सशक्त समाज का निर्माण संभव नहीं है। हेमलता पटेल ने कहा कि गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर मजबूती से आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर अन्य महिलाओं की मदद के लिए भी आगे आने का आह्वान किया। सम्मेलन में ग्राम पंचायत की सैकड़ों महिलाओं के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, संभ्रांत नागरिक तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सुरक्षा, समानता, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति सामूहिक रूप से संकल्प लिया।







