PRATAPGARH NEWS: गुरु पूर्णिमा पर परम्परागत हर वर्ष होने वाले बलीपुर साई नाथ मंदिर के महोत्सव की तैयारियां तेज हो उठी है। यह धार्मिक आयोजन अटठाईस, उन्तीस और तीस जुलाई को होगा। पहले दिन परंपरागत ढंग से बाबा की पालकी शोभायात्रा नगर में निकाली जाएगी। कार्यक्रम को लेकर साई दर्शन मंदिर बलीपुर में रविवार देर रात तक चली बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर मंथन हुआ। साई नारायण संस्थान के अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ ने बताया कि अटठाईस को शोभा यात्रा और उन्तीस को बाबा का पूजन गुरु पूर्णिमा पर होगा। अंतिम दिन भी भक्तों का जमावड़ा होगा। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तीकरण, विश्व शांति और सामाजिक समरसता को समर्पित होगा। बैठक में समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य, अधिवक्ता संतोष त्रिपाठी निशुल्क, रामलीला समिति के अध्यक्ष संजय खंडेलवाल, संयोजक दिनेश सिंह दिन्नू ने कहा कि आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के साथ सांई भक्तों को महोत्सव में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। वहीं सीएम त्रिपाठी, विवेक धींगरा, ऋषभ सिंह, शिवेंद्र नाथ मिश्रा और उत्कर्ष मिश्रा समेत अनेक भक्तों ने भी आयोजन की सफलता को लेकर विचार रखे। गौरतलब है कि सांई महोत्सव को लेकर बाबा के मंदिर को आकर्षक ढंग सजाने को लेकर कार्य तेजी से प्रारम्भ हुआ दिखने लगा है।







