जीजीआईसी में एटीएल कम्युनिटी डे मनाया गया
PRAYAGRAJ NEWS: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, प्रयागराज में एटीएल कम्युनिटी डे आज मनाया गया ,जिसमें नॉन एटीएल विद्यालय के छात्र, छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कटरा, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाफामऊ, डीपी गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं कंपोजिट विद्यालय सीपीआई प्रयागराज के छात्र, छात्राओं ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या नीलम मिश्रा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे राष्ट्र की अमूल्य निधि हैं जो भविष्य में देश के विकास के कर्णधार होंगे। उन्होने कहा कि अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण , कौशल विकास , नवाचारी सोच और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम नोडल एवं एटीएल प्रभारी शिक्षिकाओं पल्लवी श्रीवास्तव एवं श्वेता यादव ने अटल टिंकरिंग लैब के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए लैब के विभिन्न उपकरणों – थ्री डी प्रिंटर, ड्रोन, टेलीस्कोप आदि का डेमो दिया गया । विद्यार्थियों ने उत्साह और रुचि के साथ सभी गतिविधियों में प्रतिभाग किया गया। उन्होंने अपनी जिज्ञासाओं को प्रकट करते हुए नोडल शिक्षिकाओं से प्रश्न पूछे जिनका समुचित समाधान किया गया। वर्तमान समय में रोबोटिक्स एंड एआई के महत्व पर भी पल्लवी श्रीवास्तव ने जानकारी दी। लैब में उपलब्ध उपकरणों की सहायता से छात्राओं द्वारा बनाए गए थ्री डी मॉडल, वायरलेस रेनड्रॉप सेंसर, बैटरी बेस्ड मॉडल का भी सभी बच्चों ने अवलोकन किया। इस अवसर पर किरन राय, रश्मि सिंह, तृषा भट्टाचार्य आदि शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।







